जालंधर। 2027 के पंजाब विधानसभा चुनावों को लेकर भारतीय मूलनिवासी मुक्ति मोर्चा (BM3) ने अपनी राजनीतिक तैयारियां तेज कर दी हैं। मोर्चे की ओर से हलका इंचार्जों की पहली सूची जारी कर दी गई है।
पहली सूची के अनुसार जालंधर सेंट्रल विधानसभा हलके से अमित सभरवाल को हलका इंचार्ज नियुक्त किया गया है। वहीं जालंधर वेस्ट विधानसभा हलके से अमनदीप गिल को हलका इंचार्ज की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
दोनों नियुक्तियों के साथ BM3 ने जालंधर में संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने की दिशा में कदम बढ़ाया है। नवनियुक्त हलका इंचार्जों से उम्मीद की जा रही है कि वे कार्यकर्ताओं को एकजुट कर संगठन की विचारधारा और नीतियों को घर-घर तक पहुंचाने का काम करेंगे।
जालंधर की सियासत में BM3 की एंट्री के साथ राजनीतिक हलचल बढ़ने के आसार हैं। अब आने वाले दिनों में मोर्चे की ओर से किन-किन विधानसभा हलकों में नए इंचार्जों की घोषणा की जाती है, इस पर सभी की नजरें रहेंगी।

