जालंधर: पंजाब विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां तेज होने लगी हैं। इसी बीच जालंधर वेस्ट में हलका इंचार्ज अमन गिल ने भारतीय मूलनिवासी मुक्ति मोर्चा के संगठन को बूथ और वार्ड स्तर तक मजबूत करने की कवायद तेज कर दी है।
अमन गिल की अगुवाई में संगठन की मजबूती के लिए वार्ड नंबर 46 से रितिक भगत, वार्ड नंबर 49 से प्रिंस मिगलानी और वार्ड नंबर 50 से राहुल गिल को वार्ड इंचार्ज की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इन नियुक्तियों को 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारियों से जोड़कर देखा जा रहा है। संगठन अब जालंधर वेस्ट के अलग-अलग वार्डों में अपनी टीम तैयार करने और लोगों के बीच सीधे संपर्क को बढ़ाने की रणनीति पर काम कर रहा है।
हलका इंचार्ज अमन गिल ने कहा कि 2027 का चुनाव उनके लिए केवल चुनाव लड़ने का नहीं, बल्कि जालंधर वेस्ट के लोगों की आवाज को मजबूत तरीके से विधानसभा तक पहुंचाने का मिशन है। उन्होंने कहा कि संगठन को हर वार्ड तक पहुंचाया जाएगा और आम लोगों के मुद्दों को लेकर लगातार जमीन पर काम किया जाएगा।
अमन गिल ने कहा कि भारतीय मूलनिवासी मुक्ति मोर्चा हक, सम्मान और संविधान की लड़ाई को राजनीतिक मंच पर मजबूती से आगे बढ़ाएगा। उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में जालंधर वेस्ट के अन्य वार्डों में भी संगठन का विस्तार किया जाएगा और युवाओं समेत हर वर्ग को साथ जोड़ने का प्रयास किया जाएगा।
राजनीतिक तौर पर देखा जाए तो 2027 के चुनाव से पहले जालंधर वेस्ट में यह संगठनात्मक विस्तार अमन गिल की चुनावी रणनीति का अहम हिस्सा माना जा रहा है। लगातार वार्ड स्तर पर जिम्मेदारियां सौंपकर संगठन अपनी जमीनी टीम को मजबूत करने की दिशा में आगे बढ़ रहा है।

