जालंधर : नूरपुर जट्टां में Dr. B. R. Ambedkar की मूर्ति के साथ हुई बेअदबी की घटना को लेकर अब विरोध तेज हो गया है। इस मामले में भारतीय मूलनिवासी मुक्ति मोर्चा ने कड़ा रुख अपनाते हुए जालंधर में पुलिस प्रशासन को मांगपत्र सौंपा।
मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने जालंधर (DCP) Headquarter परमिंदर सिंह हीर और SSP जालंधर देहाती हरविंदर सिंह विर्क को ज्ञापन देते हुए इस घटना की कड़ी निंदा की और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। उन्होंने कहा कि इस तरह की घटनाएं समाज में तनाव फैलाने और दलित समाज की भावनाओं को ठेस पहुंचाने की साजिश हैं।
मांगपत्र के माध्यम से मोर्चा ने प्रशासन से दोषियों की तुरंत गिरफ्तारी, कड़ी कानूनी कार्रवाई, और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए अंबेडकर की मूर्तियों की सुरक्षा बढ़ाने की मांग की है।
मोर्चे ने चेतावनी दी कि अगर जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं की गई, तो वे अपना आंदोलन और तेज करेंगे। वहीं, पुलिस प्रशासन ने मामले की जांच तेज करने का भरोसा दिया है और कहा है कि दोषियों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

